एक से सात अक्टूबर तक मनाया जायेगा समाज कल्याण सप्ताह
श्रीगंगानगर, 28 सितंबर (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से समाज कल्याण सप्ताह जिले में एक से लेकर 7 अक्टूबर 2026 तक मनाया जायेगा। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा।
जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं समाज कल्याण सप्ताह का शुभारम्भ होगा। इसके तहत कार्यक्रम प्रातः 11 बजे ख्यालीवाला स्थित वृद्धाश्रम शकुन्तला सदन में होगा। इसके पश्चात 2 अक्टूबर को अनुसूचित जाति कल्याण दिवस के तहत प्रभात फेरी, रक्तदान शिविर और साफ-सफाई की जायेगी। इस दिन प्रातः 7.30 बजे सुखाड़िया सर्किल से लेकर गांधी चौक तक प्रभात फेरी निकाली जायेगी और गांधी चौक पर महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जायेगा।
3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस पर कार्यक्रम दोपहर 3 बजे केन्द्रीय कारागृह में होगा। 4 अक्टूबर को बाल दिवस के तहत कुंज विहार द्वितीय स्थित जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग में प्रातः 11 बजे निराश्रित बालकों की समस्याओं पर गोष्ठी और बालकों की स्वास्थ्य जांच की जायेगी। 5 अक्टूबर को महिला कल्याण दिवस के तहत समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर विचार गोष्ठी सुबह 11 बजे होगी।
6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस के तहत सुबह 11 बजे राजकीय कन्या महाविद्यालय में गोष्ठी का आयोजन होगा। 7 अक्टूबर को विशेष योग्यजन कल्याण दिवस के तहत कार्यक्रम रीको स्थित टांटिया विश्वविद्यालय में सुबह 11 बजे होगा। समाज कल्याण सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के सम्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को दायित्व सौंपे गये हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव