जोधपुर स्टेशन पर स्थापित होगा स्मार्ट कूड़ेदान : सेंसर और आईओटी तकनीक से होगी कचरे की निगरानी

 


जाेधपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जोधपुर रेलवे स्टेशन पर 240 लीटर क्षमता का स्मार्ट कूड़ेदान लगाया जा रहा है। एनएसजी-2 श्रेणी के इस स्टेशन पर यात्रियों की अधिक आवाजाही को देखते हुए यह पहल कचरे के व्यवस्थित संग्रहण एवं निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, यह स्मार्ट कूड़ेदान आधुनिक सेंसर एवं आईओटी (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) तकनीक से युक्त होगा। इसकी प्रमुख विशेषताओं में कूड़ेदान में लगे सेंसर कचरे के भरने के स्तर की लगातार निगरानी करेंगे। कूड़ेदान के निर्धारित क्षमता के करीब पहुंचने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल अलर्ट मिलेगा, जिससे समय पर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसमें लगे विशेष कॉम्पैक्टर कचरे को दबाकर उसका आयतन कम करेंगे। इससे कूड़ेदान की भंडारण क्षमता बढ़ेगी तथा कचरा संग्रहण के लिए बार-बार आने की आवश्यकता कम होगी।

कनेक्टेड मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से कचरा संग्रहण टीमें कूड़ेदान की स्थिति एवं भरने के स्तर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगी। इससे कचरा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध होगी। स्मार्ट कूड़ेदान में जीपीएस ट्रैकिंग और मौसम प्रतिरोधी डिजाइन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे इसकी निगरानी एवं संचालन अधिक सुविधाजनक होगा।

समय पर कचरा संग्रहण होने से कूड़ेदान के ओवरफ्लो होने, आसपास कचरा फैलने तथा गंदगी की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। इसकी विशेष तकनीक पारंपरिक कूड़ेदानों की तुलना में 58 गुना अधिक प्रभावी भंडारण क्षमता प्रदान करती है।

स्मार्ट कूड़ेदान की स्थापना से जोधपुर रेलवे स्टेशन पर कचरा प्रबंधन व्यवस्था को तकनीक आधारित, व्यवस्थित एवं अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। यह पहल यात्रियों को स्वच्छ एवं बेहतर स्टेशन परिसर उपलब्ध कराने के साथ ही रेलवे की आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल स्वच्छता व्यवस्था को भी प्रोत्साहित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव