राजस्थान में गर्मी से मिली मामूली राहत, पारा 40 डिग्री से नीचे

 




जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में बुधवार को तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली। पिलानी, जैसलमेर, चूरू और श्रीगंगानगर समेत कई शहरों में दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक कमी आई।

खास बात यह रही कि प्रदेश के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा। पिलानी 39.3 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि चूरू में 38.7, फलोदी और टोंक में 38.6, बाड़मेर में 38.1 तथा जोधपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

रात के तापमान में भी गिरावट से कई इलाकों में गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है।

माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। सिरोही में 16.2, उदयपुर में 18.2, भीलवाड़ा और पाली में 19.8 तथा नागौर में 19.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इससे सुबह और रात के समय मौसम सुहावना बना हुआ है।

जयपुर में हालांकि दिन के समय गर्मी का असर बरकरार रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो जैसलमेर के 37 डिग्री से भी अधिक रहा। दिनभर धूप के कारण दोपहर में गर्मी महसूस हुई, लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट से राहत मिली।

जयपुर में रात का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि 10 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है।

11 और 12 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ का असर बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में देखने को मिल सकता है।

बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर में आसमान में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने तथा सुबह-शाम ठंडक बढ़ने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित