रामगंज में एक तरफ झुकी छह मंजिला मकान को गिराया निगम ने

 


जयपुर, 04 जून (हि.स.)। लम्बे समय से आमजन के लिए खतरा बनी रामगंज क्षेत्र में चीता वालों का मोहल्ला में एक तरफ झुकी 6 मंजिला बिल्डिंग को नगर निगम ने गुरुवार को गिरा दिया। निगम ने जैसे ही सुबह बिल्डिंग को गिराया तो जोरदार धमाका हुआ। इससे एक बार तो लोग दहशत में आ गए। निगम ने इस भवन को गिराने के पहले कई बार मालिक को नोटिस जारी किए।

बिल्डिंग को गिराने से पहले प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए थे। बिल्डिंग के आसपास के रास्तों को बंद कर दिया था। बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी। आसपास के 10 से 15 मकानों को खाली कराकर वहां रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया था। लाइट बंद कर दी गई थी। इस दौरान रामगंज थाना पुलिस तैनात रही। बिल्डिंग गिराने के दौरान उसके सामने वाली इमारत में भी थोड़ा नुकसान हुआ। इसके साथ ही बिल्डिंग के नजदीक एक पेड़ भी टूट गया। विशेष बात यह है कि बिल्डिंग के निर्माण कार्य के दौरान ही उसके कुछ पिलर क्षतिग्रस्त हो गए थे इसके बार बिल्डिंग का एक तरफ झुक गई थी।

नगर निगम किशनपोल जोन उपायुक्त विजेंद्र सिंह ने बताया कि 6 मंजिला बिल्डिंग को बिना अनुमति के गैर कानूनी तरीके से यहां बनाया गया था। 9 मई को बिल्डिंग के एक हिस्से में दरार आ गई थी। उसी दिन इस बिल्डिंग को खाली करा दिया गया था। इसके बाद नगर निगम की टीम ने विशेषज्ञों से राय ली। विशेषज्ञों ने इसे असुरक्षित माना। इसके बाद गुरुवार को इस बिल्डिंग को गिराया गया। बिल्डिंग गिराने की प्रक्रिया पूरी सावधानी और तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में की गई। आसपास की इमारतों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया। बिल्डिंग में 30 से ज्यादा लोग रहते थे निगम के अधिकारी ने बताया कि यह बिल्डिंग करीब 10 से 15 साल पुरानी थी। इसमें पहले 4 मंजिल बनी हुई थीं। पांचवीं और छठी मंजिल का निर्माण किया जा रहा था। इस बिल्डिंग में दो दुकान भी थीं। दुकान के शटर में भी बैंड आ गया था। मकान मालिक रईस ने बिल्डिंग के अलग-अलग हिस्सों को कई लोगों को किराए पर दे रखा था। बिल्डिंग में 30 से ज्यादा लोग रहते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश