सिंधी भाषा दिवस पर संविधान के सिंधी संस्करण का होगा विमोचन

 


जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी 10 अप्रैल को सिंधी भाषा दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित उप राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में भारत के संविधान के सिंधी भाषा संस्करण का विमोचन किया जाएगा।

यह समारोह उप राष्ट्रपति भवन में आयोजित होगा, जहां उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन प्रातः 10:30 बजे संविधान के सिंधी संस्करण का देवनागरी और फारसी लिपियों में विमोचन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग के राजभाषा खंड द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को पत्र लिखकर समारोह में आमंत्रित किया है।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने संविधान के सिंधी भाषा में प्रकाशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद भारत आए सिंधी समुदाय के लिए यह गौरव का क्षण है, जो अपनी मातृभाषा में संविधान को पढ़ सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य के तहत संविधान और कानूनों को आमजन तक उनकी भाषा में पहुंचाने के प्रयास कर रही है।

इसी क्रम में संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल विभिन्न भाषाओं में अनुवाद का कार्य जारी है, जिसके तहत अब सिंधी भाषा में भी संविधान उपलब्ध कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित