एसआई भर्ती पुनः परीक्षा-2021 के फॉर्म अपडेट करने में आ रही कठिनाइयों पर आयोग का संवेदनशील निर्णय
अजमेर, 22 मई(हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 का पुनः आयोजन आगामी 20 सितंबर 2026 (रविवार) को किया जा रहा है। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा के मद्देनजर आयोग द्वारा आवेदन पत्र में संशोधन तथा अनिवार्य केवाईसी की प्रक्रिया 16 मई से 30 मई 2026 तक संचालित की जा रही है।
विगत पाँच वर्षों में कई अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या एसएसओ आईडी बदल चुके हैं। इस कारण अनेक अभ्यर्थियों को अपना पुराना आवेदन ढूंढ़ने और वर्तमान संशोधन प्रक्रिया को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए अभ्यर्थियों के हितों के प्रति संवेदनशील रुख अपनाते हुए परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों का आवश्यक डेटा सीधे आयोग की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दिया गया है।
आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की गई इस विशेष संकलित सूची में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, आवेदन क्रमांक तथा उनकी मूल एसएसओ आईडी अंकित है। जिन अभ्यर्थियों के पुराने मोबाइल नंबर बंद हो चुके हैं, वे भी इस सूची से अपनी सही एसएसओ आईडी जानकर आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके साथ ही आयोग द्वारा सभी पात्र अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर फार्म एडिट करने हेतु मैसेज भी भेजे जा रहे हैं, ताकि उन्हें उनके आवेदन क्रमांक और एसएसओ आईडी की त्वरित जानकारी मिल सके।
आयोग ने उन अभ्यर्थियों, जिन्होंने समय-सीमा शुरू होने के बावजूद अब तक अपने आवेदन में आवश्यक सुधार अथवा अनिवार्य सम्मति दर्ज नहीं की है, को आगाह किया है, कि निर्देशों की अवहेलना करने या निर्धारित तिथि (30 मई) तक प्रक्रिया पूर्ण न करने की स्थिति में अभ्यर्थियों का आवेदन स्वतः निरस्त माना जा सकता है। यह जानकारी 8 मई 2026 जारी किए गए प्रेस नोट द्वारा पूर्व में भी प्रसारित की जा चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष