एसआई भर्ती-2025: 3 से 13 अगस्त तक सात रेंज मुख्यालयों में होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा
जयपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के लिए ई-प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने विशेष हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल आईडी जारी की है।
पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर अभ्यर्थी तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए राजकॉम हेल्पलाइन 7340557555 एवं 9352323625, विभागीय दूरभाष 0141-2821595, मोबाइल नंबर 9413800328 तथा ई-मेल igrecraj@gmail.com उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन 3 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से किया जाएगा। परीक्षा राज्य के जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और उदयपुर सहित सात रेंज मुख्यालयों पर आयोजित होगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एसएसओ पोर्टल पर अपनी एसएसओ आईडी से लॉग-इन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल के माध्यम से समय रहते अपना ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें। यदि डाउनलोड प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों और ई-मेल के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश