अनूपगढ़–खाजूवाला–जैसलमेर रेल मार्ग को लेकर श्रीकोलायत विधायक की रेल मंत्री से सार्थक चर्चा

 


बीकानेर, 28 अप्रैल (हि.स.)। श्रीकोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने दिल्ली प्रवास के दौरान भारत सरकार के केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

करीब आधे घंटे तक चली इस सौहार्दपूर्ण भेंट के दौरान विधायक भाटी ने अनूपगढ़–खाजूवाला–जैसलमेर–बाड़मेर प्रस्तावित रेलमार्ग को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने अवगत कराया कि उक्त प्रस्तावित रेललाइन खाजूवाला–अनूपगढ़ से जैसलमेर एवं बाड़मेर होते हुए दक्षिण-पश्चिमी दिशा में भीलड़ी (कच्छ-गुजरात) तक प्रत्यक्ष संपर्क सुनिश्चित करेगी। इससे कोलायत विधानसभा क्षेत्र के बज्जू उपखंड क्षेत्र के बज्जू ,गौड़ू, गोकुल, बरसलपुर, जग्गासर, भुरासर, रणजीतपुरा, चारणवाला, बीकमपुर, छिल्ला, फूलासर, भलूरी सहित अनेक ग्रामों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। इस रेलमार्ग के निर्माण से न केवल आवागमन अधिक सुगम एवं सुलभ होगा, अपितु सीमावर्ती पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तीव्रता आएगी।

विधायक भाटी ने कहा कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान का सुदूर सीमावर्ती क्षेत्र है, जहां रेल लाइन के विस्तार से कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम बनेगा तथा सुरक्षा की दृष्टि से भी यह अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। साथ ही एग्रीकल्चर और माइनिंग सेक्टर में भी यह रेल मार्ग नई संभावनाएं उत्पन्न करेगा।

इस अवसर पर विधायक भाटी ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि बीकानेर के पूर्व सांसद स्वर्गीय महेंद्र सिंह भाटी द्वारा भी पूर्व में बीकानेर जिले की रेल सम्पर्क के लिए गंभीर प्रयास किए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप कोलायत–फलोदी रेल लाइन संभव हो सकी। इस दिशा में पूर्व वित्त एवं रक्षा मंत्री जसवंत सिंह जसोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव