कामिका एकादशी: गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को होगा श्री विष्णु गायत्री महायज्ञ
जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की कामिका एकादशी रविवार को छोटी काशी जयपुर के मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्री हरि विष्णु की पूजा-अर्चना करेंगे। कामिका एकादशी के पावन अवसर पर आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर में सुबह 8 बजे से निःशुल्क 'श्री विष्णु गायत्री महायज्ञ' का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं को आहुतियां प्रदान करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए किसी भी श्रद्धालु को अपने साथ पूजन सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं है। इस धार्मिक महायज्ञ का संचालन गायत्री शक्तिपीठ, ब्रह्मपुरी की टोली द्वारा संपन्न कराया जाएगा। यज्ञ स्थल पर ही श्रद्धालुओं के जन्मदिन और विवाह की वर्षगाँठ को भारतीय संस्कृति एवं वैदिक परंपरा के अनुसार मनाया जाएगा।
एकादशी पर्व पर श्री गोविंद देवजी मंदिर में ठाकुर जी का विशेष और मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। ठाकुर जी को लाल रंग की पोशाक धारण कराई जाएगी। उनका विशेष श्रृंगार 'गोचारण लीला' के भाव से होगा, जो भक्तों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। गोविंद देवजी मंदिर के अलावा शहर के प्रमुख वैष्णव पीठों और मंदिरों में एकादशी उत्सव अत्यंत भक्तिभाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मुख्य रूप से श्री सरस निकुंज, श्री गोपीनाथ जी, श्री राधा दामोदर जी, श्री मदन गोपाल जी, लाड़ली जी, और श्री बृज निधि जी मंदिर सहित अन्य प्रमुख देवालयों में विशेष दर्शन, कीर्तन और पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश