श्री श्याम मंदिर में जन्माष्टमी पर सजेगी भव्य झांकियां, पूरा दिन खुले रहेंगे मंदिर के पट
बीकानेर, 03 सितंबर (हि.स.)। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जयपुर रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में इस बार भव्य एवं आकर्षक धार्मिक आयोजन किया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर के पट पूरे दिन श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे। मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार की आकर्षक झांकियों एवं रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से सजाया जाएगा।
जन्माष्टमी महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए अमरनाथ गुफा, राम झूला, मिट्टी की मूर्तियों की कलाकृतियां तथा भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। झांकियों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने का भी प्रयास किया जाएगा।
इस बार आयोजन को केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं रखते हुए इसमें नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों को भी प्रमुखता दी जाएगी। विभिन्न झांकियों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया जाएगा।
आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास रहेगा कि धार्मिक पर्व केवल आस्था और उत्सव का माध्यम ही नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सकारात्मक वातावरण तैयार करने का भी माध्यम बन सकते हैं।
महोत्सव के दौरान माखन-मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर श्याम धाम सेवादार टीम पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से मंदिर परिसर की सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। टीम के सदस्य दिन-रात मेहनत कर झांकियों को आकर्षक रूप देने के साथ-साथ मंदिर परिसर की साज-सज्जा में लगे हुए हैं।
तैयारियों में प्रमुख रूप से किशन शर्मा, चेतन शर्मा, मोनी माथुर, दीपक रूपनारायण, सुधीर, अमित जी, राम यादव, आनंद जी, जीतू सहित अनेक सेवादार सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। सेवादारों द्वारा झांकियों की सजावट, विद्युत सज्जा, सामाजिक संदेशों को प्रदर्शित करने तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा श्री श्याम मंदिर परिसर आकर्षक विद्युत रोशनी से जगमगाएगा। विशेष सजावट और विभिन्न झांकियों को रोशनी के माध्यम से और भी आकर्षक बनाया जाएगा। मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाला वातावरण तैयार किया जा रहा है।
जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जाएगी। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था रहेगी, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्याम धाम सेवादार टीम द्वारा श्रद्धालुओं से जन्माष्टमी महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन, भव्य झांकियों एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव