बीकानेर में 125 साल पुरानी परंपरा के तहत हुआ भगवान श्रीराम की जन्मकुंडली का वाचन

 


बीकानेर, 27 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के अवसर पर बीकानेर में सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए तेलीवाड़ा चौक स्थित रघुनाथ मंदिर में भगवान श्रीराम की जन्मकुंडली का पारंपरिक वाचन किया गया। यह परंपरा करीब 125 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है, जो इस पर्व को विशेष बनाती है।

मंदिर में सुरक्षित हस्तलिखित कुंडली का विधिवत पूजन कर पारंपरिक विधि से वाचन किया गया। कुंडली वाचन परिवार से जुड़े पंडित लक्ष्मीनारायण रंगा ने बताया कि वे पिछले 35 वर्षों से यह वाचन कर रहे हैं, जबकि उनके पिता ने करीब 70 वर्षों तक इस परंपरा का निर्वहन किया। उन्होंने बताया कि कुंडली में ग्रह-नक्षत्रों के आधार पर भगवान श्रीराम के जन्मकाल, समय और अन्य ज्योतिषीय विवरणों की जानकारी प्राप्त होती है। वाचन मंदिर परिसर में हनुमानजी की प्रतिमा के समक्ष किया जाता है। कार्यक्रम से पूर्व विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप पंचामृत और पंजेरी वितरित की गई। आयोजन के तहत दूध, दही, केसर और पंचमेवा से तैयार करीब 9 क्विंटल पंचामृत का वितरण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव