जगन्नाथपुरी से मथुरा तक निकलेगी श्रीकृष्ण रथयात्रा
जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। संयुक्त भारतीय धर्म संसद एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास मथुरा की ओर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के तहत चारों दिशाओं के प्रमुख धामों से मथुरा तक रथयात्रा निकालने के संकल्प के तहत अब अंतिम चरण की जगन्नाथपुरी से मथुरा श्रीकृष्ण रथयात्रा 30 सितंबर से शुरू होगी। यात्रा 8 अक्टूबर को मथुरा पहुंचेगी।
मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज के सान्निध्य और आचार्य राजेश्वर के मार्गदर्शन में निकलने वाली करीब 2100 किलोमीटर की यात्रा जगन्नाथपुरी से शुरू होकर भुवनेश्वर, संभलपुर, वाराणसी, प्रयाग, अयोध्या, कन्नौज और आगरा होते हुए मथुरा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान 100 से अधिक गांवों, शहरों और कस्बों में जुलूस एवं धर्म सभाएं आयोजित होंगी। मार्ग में डॉ. कैलाश परवाल द्वारा रचित महाकाव्य ‘श्री कृष्णम’ का संगीतमय पाठ भी किया जाएगा। इससे पहले द्वारिका, बद्रीनाथ और रामेश्वरम से मथुरा तक रथयात्राएं निकाली जा चुकी हैं।
यात्रा के लिए जयपुर के खातीपुरा स्थित धर्म संसद भवन में संत एवं सनातनी संपर्क अभियान शुरू किया गया। महंत डॉ. नरेश पुरी महाराज ने श्रीकृष्ण रथयात्रा के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर आचार्य राजेश्वर, डॉ. कैलाश परवाल और सुदीप तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे। जयपुर से 51 सदस्यीय यात्री दल भी यात्रा में शामिल होने के लिए रवाना होगा।
इस अभियान के तहत जयपुर सहित राजस्थान के प्रमुख संतों और धर्माचार्यों से संपर्क कर यात्रा में सहयोग की अपील की जा रही है। साथ ही आम सनातनियों से भी अधिक से अधिक संख्या में यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश