सत्रह जून तक भक्ति के रंग में रंगेगा श्री खोले का हनुमानजी मंदिर
जयपुर, 15 जून (हि.स.)। शहर के प्रसिद्ध श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में भगवान श्री सियाराम का 29वां पाटोत्सव 17 से 28 जून तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। बारह दिवसीय समारोह में यज्ञ, वेदपाठ, अखंड रामायण पारायण, सुंदरकांड पाठ, हरिनाम संकीर्तन, भजन एवं बधाई गायन जैसे धार्मिक आयोजन होंगे। इस दौरान वेदमाता गायत्री, गंगामाता और अन्नपूर्णा माता के पाटोत्सव भी आयोजित किए जाएंगे।
श्री नरवर आश्रम सेवा समिति प्रन्यास के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि 17 जून को संत-महंतों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में श्री सियारामजी का पाटोत्सव होगा। प्रातः 6 बजे 108 औषधि द्रव्यों, सरयू जल, पंचामृत एवं दूध से अभिषेक, सुबह 8 बजे वेद पाठ, 9 बजे श्री वाल्मीकि रामायण का अखंड पारायण, 10 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक एवं श्रृंगार, 11 बजे राजभोग तथा 11:30 बजे विशेष उत्सव आरती होगी। दोपहर 12 बजे संत-महंत सम्मान एवं आशीर्वचन कार्यक्रम होगा। दोपहर 1 से 3 बजे सामूहिक सुंदरकांड पाठ तथा शाम 6 बजे भजन एवं बधाई गायन होगा।
समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा के अनुसार 18 जून को हरिनाम संकीर्तन और भजन, 19 जून को वेदमाता गायत्री का 20वां पाटोत्सव, 20 जून को हरिनाम संकीर्तन और सामूहिक सुंदरकांड आयोजित होंगे। 21 जून को स्वामी रामरिछपाल दास के सानिध्य में संकीर्तन एवं सम्मान समारोह, 22 जून को श्री सियारामजी का छठी उत्सव तथा 23 जून को अन्नपूर्णा माता का नवम पाटोत्सव होगा।
24 जून को गंगामाता का 18वां पाटोत्सव, भजन संध्या एवं रामलला का नौका विहार, 25 जून को गुरु बृहस्पति जी कथा, 26 जून को युगल महाराज के पदों का गायन एवं निम्बार्क सत्संग मंडल की प्रस्तुति, 27 जून को सामूहिक सुंदरकांड और भजन गायन तथा 28 जून को हरिनाम संकीर्तन, बधाई गायन और मासिक रामयज्ञ का आयोजन होगा।
प्रचार मंत्री द्वारका दास सोढानी ने बताया कि मंदिर परिसर को रंगीन रोशनी एवं फूलों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए छाया, कारपेट, शीतल पेयजल, निशुल्क पार्किंग एवं जूता स्टैंड की व्यवस्था रहेगी। वृद्ध एवं असहाय भक्तों के लिए पार्किंग स्थल से मंदिर तक ई-वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश