गणेश निमंत्रण के साथ श्री कल्याण जी डिग्गीपुरी की लक्खी पदयात्रा की तैयारी शुरू

 


जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। भगवान श्री कल्याण जी महाराज, डिग्गीपुरी की 61वीं ऐतिहासिक लक्खी पैदल पदयात्रा 18 अगस्त को चौड़ा रास्ता स्थित श्री ताडक़ेश्वर महादेव मंदिर से सुबह नौ बजे रवाना होगी। शुक्रवार को मोतीडूंगरी गणेशजी मंदिर में प्रथम पूज्य विघ्नविनाशक गणपति को ढोक देने के साथ आम जन को निमंत्रण दिया। श्रीजी शर्मा भंवर लाल चौधरी, नारायण शर्मा, श्योजी राम चौधरी, रामदयाल चौधरी, कमलेश मीना, कुलदीप शर्मा ने भगवान गणेश जी को ढोक देकर प्रचार सामग्री समर्पित की। मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को पदयात्रा में शामिल होने का न्यौता दिया। इसके बाद पहली पदयात्रा से अब तक सभी पदयात्राओं की साक्षी नीले रंग की अंबेसडर कार में सवार होकर प्रचार टोली ने दुर्गापुरा और सांगानेर क्षेत्र में पदयात्रा का ध्वनि विस्तार यंत्र के माध्यम से प्रचार किया।

यात्रा के अध्यक्ष एवं संचालक श्रीजी शर्मा (लोहेवाले) ने बताया कि वर्ष 1964 में पदयात्रा का शुभारंभ दिवंगत हो चुके रामेश्वर लाल शर्मा (लोहेवाले) ने किया था। तब से यह धार्मिक यात्रा निरंतर श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ संचालित होती आ रही है।

विशेष बात यह है कि जिस ऐतिहासिक गाड़ी से वर्ष 1964 में इस पदयात्रा का शुभारंभ हुआ था, वही गाड़ी आज भी यात्रा के साथ रहती है। उसका पंजीकरण क्रमांक आरएसएल-0093 है, जो इस गौरवशाली परंपरा का साक्षी है।

यह लगभग 24 कोस की पैदल यात्रा जयपुर से प्रारंभ होकर डिग्गी धाम स्थित भगवान श्री कल्याण जी महाराज के निजधाम तक पहुंचती है। यात्रा में प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु, महिला एवं पुरुष उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। भजन-कीर्तन, जयघोष और भक्ति-भाव के साथ श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए भगवान श्री कल्याण जी के दर्शन के लिए डिग्गी धाम पहुंचते हैं।

यात्री 18 अगस्त मद्रामपुरा के बालाजी, 19 अगस्त को हरसूलिया, 20 अगस्त को फागी, 21 अगस्त को चौसला में रात्रि विश्राम करते हुए 22 अगस्त को श्री कल्याण जी महाराज के निजधाम, डिग्गी धाम पहुंचेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश