मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा चलाएगी प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान:श्रवण सिंह बगड़ी

 




जयपुर, 24 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों को सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 5 जून से 21 जून तक प्रदेश भर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर मंडल स्तर पर वृक्षारोपण अभियान, 8 से 12 जून तक मीडिया संवाद, 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान, 12 से 20 जून तक जनकल्याण शिविर और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी बूथ स्तर तक पहुंचकर आमजन से संवाद करेंगे। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। बगड़ी ने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान के संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर समन्वय समिति का गठन किया गया है। इसमें भूपेंद्र सैनी को प्रदेश संयोजक तथा नारायण मीणा, अपूर्वा सिंह, ओमप्रकाश भडाना, ज्योति खंडेलवाल और आशीष चोपड़ा को सह-संयोजक बनाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश