हरियाली अमावस्या पर जयपुर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

 


जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर बुधवार को गुलाबी नगरी के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सावन मास की अमावस्या पर शहर के विभिन्न शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान हुए। मंदिरों को फूलों और हरियाली से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

कनक घाटी स्थित प्राचीन काला महादेव मंदिर सहित कई शिवालयों में सामूहिक पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दंपतियों ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से पूजा की और भगवान शिव का अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए अनुष्ठानों में प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इस दौरान मंदिर परिसर 'हर हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंजते रहे।

वहीं शहर के प्राचीन आस्था केंद्र ताड़केश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान शिव का पंचामृत और जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, आंकड़े के फूल और रुद्राक्ष अर्पित किए। वहीं प्रकृति की गोद में बसे झारखंड महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

हरियाली अमावस्या के मौके पर कई मंदिरों में भगवान शिव की आराधना के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए गए तथा लोगों ने पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। मंदिरों में हरियाली और फूलों से की गई सजावट ने धार्मिक वातावरण को और आकर्षक बना दिया। पर्व के दौरान शिव भक्ति के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश