बीकानेर में होगा श्री शिवमहापुराण कथा एवं 5151 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ
बीकानेर, 12 नवंबर (हि.स.)। सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर द्वारा छोटी काशी बीकानेर की पावन धरा पर आगामी 11 से 17 मार्च 2027 तक अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी की मधुर वाणी में भव्य श्री शिवमहापुराण कथा एवं 5151 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को लेकर समिति ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
आयोजन की तैयारियों के संबंध में आज सनातन धर्म रक्षा समिति बीकानेर के संस्थापक सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित, हिन्दू जागरण मंच के एडवोकेट शैलेश गुप्ता, गोपाल भादाणी, अमर सिंह रावत, नरेंद्र सिंह, सुनील वर्मा एवं भागीरथ मल कुमावत सहित अन्य सदस्यों ने सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज ग्राउंड एवं पोलो टेक्निकल कॉलेज ग्राउंड का निरीक्षण किया। इन दोनों स्थानों में से किसी एक स्थान पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। समिति द्वारा 13 नवंबर शुक्रवार को शाम 4 बजे मोहता भवन में बैठक एवं मुख्य कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। आयोजन से संबंधित सभी गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का मुख्य कार्यालय मोहता भवन ही रहेगा।
समिति के गोपाल भादाणी ने बताया कि 5151 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ में बैठने वाले यजमानों के पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालुओं को पति-पत्नी दोनों के आधार कार्ड एवं एक-एक पासपोर्ट साइज फोटो जमा करवानी होगी। समिति द्वारा प्रथम 551 पंजीकरण करवाने वाले यजमानों को 21 रुद्राक्ष मोतियों की चांदी से जड़ित विशेष माला भेंट की जाएगी, जिसे सवा लाख रुद्री से अभिमंत्रित किया जाएगा।
वहीं प्रधान कुंड में बैठने वाले मुख्य यजमान को 21 रुद्राक्ष मोतियों की स्वर्ण जड़ित माला तथा सह यजमान को 11 रुद्राक्ष मोतियों की स्वर्ण जड़ित माला भेंट की जाएगी। यज्ञ के लिए यजमान पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 जनवरी निर्धारित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव