राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान हस्तशिल्पियों को मिला मंच
जोधपुर, 27 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर की ओर से दो दिवसीय क्राफ्ट बाजार शुक्रवार से रातानाड़ा स्थित माहेश्वरी भवन में शुरू हुआ। इसमें पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश एवं राजस्थान के विभिन्न आर्टिजंस अपनी कला का हुनर दिखा रहे है, शिल्प बाजार में होम व फैशन ऐसेसरीज के कलेक्शन में हाथ का हुनर देखकर विजिटर्स आश्चर्य करते नजर आए वहीं फैशन के स्टूडेन्ट्स को भी गाइडेंस मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मोजड़ी क्राफ्ट से नेशनल अवार्डी मोहनलाल गुर्जर, जोधपुर बंधेज से मोहम्मद शरीफ, पीपाड़ दाबु ब्लॉक प्रिंट से मो. यासीन छीपा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर निफ्ट जोधपुर के निदेशक प्रो. जीएचएस प्रसाद ने कहा कि क्राफ्ट बाजार में आज विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्पी अपनी कला से विजिटर्स को प्रभावित कर रहे है, यह प्रोग्राम निफ्ट हर साल आर्टिजंस के साथ मिलकर करता है ताकि विभिन्न राज्यों के आर्टिजंस को मंच मिल सकें।
इस क्राफ्ट बाजार का उद्देश्य विभिन्न हस्तशिल्प और हथकरघा कारीगरों के द्वारा अपनी हस्तनिर्मित वस्तु का विक्रय और प्रदर्शन के लिये मंच प्रदान करना हैं। प्रसाद ने बताया कि इस क्राफ्ट बाजार में लखनऊ की चिकनकारी, बनारस का बनारसी क्राफ्ट, पश्चिम बंगाल की कान्था एंब्रॉयडरी, कोटा की कोटा डोरिया, पोकरण का पट्टू, चित्तौडग़ढ़ का अकोला हैंड ब्लॉक प्रिंट, मध्यप्रदेश की चंदेरी, जोधपुर का बोन एंड हॉर्न क्राफ्ट, बगरू (जयपुर) का हैंड ब्लॉक प्रिंट, पीपाड़ का डाबू ब्लॉक प्रिंट, जोधपुर का लेदर क्राफ्ट, एंब्रॉयडरी एंड क्रोशै, लाख की चूडिय़ां, जूट क्राफ्ट, लेदर मोजड़ी, टाई एंड डाई, केन एंड बैम्बू तथा आर्ट मेटल आदि उपलब्ध है।
इस दौरान संयुक्त निदेशक डॉ जन्मय सिंह हाडा, सीएसी डॉ अदिति मेड़तिया, सीआईसी डॉ अंकुर सक्सेना सहित सभी फैकल्टी मेंबर्स मौजूद रहें। कार्यक्रम में मंच संचालन असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ शीतल सोनी ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश