शरद महोत्सव के कवि सम्मेलन में हास्य-व्यंग्य और वीर रस की रचनाओं ने बांधा समां

 


धौलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। नगर परिषद धौलपुर की ओर से आयोजित शरद महोत्सव-2026 के तहत शनिवार रात मेला रंगमंच पर कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें देश के ख्यातिनाम कवियों ने हास्य-व्यंग्य, वीर रस, श्रृंगार और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रचनाओं की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले कवि सम्मेलन में श्रोताओं ने कवियों की रचनाओं का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह सिकरवार ने कहा कि शरद महोत्सव में कवि सम्मेलन और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों की परंपरा रही है। ऐसे भव्य आयोजन के लिए नगर परिषद का प्रयास सराहनीय है। नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार ने अतिथियों का स्वागत किया और मेले के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

कवि सम्मेलन में कवयित्री प्रिया शुक्ला ने ईश्वर की सार्वभौमिक और सर्वशक्तिमान सत्ता का चित्रण करते हुए अपनी रचना के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर किया। उन्होंने सुनाया—

'भार वसुधा का सर पे उठाए हुए,

प्राण में चेतना को जगाए हुए,

महज किरदार हैं मंच के हम सभी,

एक वो ही है सबको नचाए हुए...'

वहीं, कवयित्री रजनी शर्मा मृदुल ने कृष्णभक्ति पर आधारित रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। उन्होंने सुनाया—

'सुन बिहारी! तेरी मुस्काती नजर चाहती हूं,

कोई साथ दे न दे, तेरा साथ चाहती हूं।'

कवि सम्मेलन में विकल फर्रुखाबादी, मनोज सिंघल, राजवीर सिंह, राकेश दीक्षित, गोविंद पटवारी, आकाश परमार, विवेक कुशवाह, बाबूलाल सागर, प्रेम प्रसून, राम परसाटिया, मुकेश गोस्वामी, सुरेंद्र परमार, सुरेंद्र वर्मा और प्रद्युम्न शर्मा सहित आमंत्रित कवियों ने अपनी काव्य रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा।

इस अवसर पर शिक्षाविद मुकेश गर्ग, नगर परिषद की उपसभापति रेखा माहौर, सभापति प्रतिनिधि अविनाश गर्ग सहित पार्षदगण और नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप