आयुर्वेद विश्वविद्यालय द्वारा सात दिवसीय डायबिटीज आवासीय चिकित्सा शिविर 11 मई से

 


जोधपुर, 07 मई (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किए जा रहे सात दिवसीय आवासीय मधुमेह चिकित्सा शिविर को लेकर आमजन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्यारह मई से 17 मई तक विश्वविद्यालय परिसर स्थित एमएस संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय में आयोजित होने वाले इस विशेष शिविर की अधिकांश सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविन्द सहाय शुक्ल ने शिविर की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि मधुमेह रोगियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का एक समग्र प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली और अनियमित खानपान के कारण डायबिटीज तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं उचित दिनचर्या के माध्यम से इस रोग को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि शिविर में रोगियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में व्यक्तिगत परामर्श, विशेष योग प्रशिक्षण, आयुर्वेदिक औषधियां, स्वास्थ्यवर्धक आहार, पंचकर्म एवं प्राकृतिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही दैनिक स्वास्थ्य जांच एवं जीवनशैली सुधार संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे रोगियों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके। शिविर के सह-आयोजक सचिव डॉ. ब्रह्मानंदन शर्मा ने बताया कि शिविर को लेकर लोगों में अत्यधिक उत्साह है तथा बड़ी संख्या में मरीज पंजीकरण करवा चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश