केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अंबेडकर सर्किल पर किया अभिनंदन, बोले- युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित भारत का संकल्प

 






भीलवाड़ा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा के भीलवाड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। अंबेडकर सर्किल पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने यात्रा का अभिनंदन किया। शेखावत ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से देश के युवाओं और नागरिकों में सेवा का नया संकल्प पैदा होगा। उन्होंने कहा कि देश परिवर्तन और विकसित भारत के निर्माण के दौर से गुजर रहा है तथा ऐसे समय में युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

यात्रा के भीलवाड़ा पहुंचने से पहले शुक्रवार सुबह संकल्प रिसोर्ट्स के पास से भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में यात्रा शुरू हुई। सिद्धि विनायक हॉस्पिटल रोड होते हुए यात्रा दूधाधारी गोपाल मंदिर पहुंची। यहां शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल के नेतृत्व में स्वागत किया गया तथा गोशाला में सेवा कार्य किया गया।

इसके बाद यात्रा एमजी हॉस्पिटल चैराहे पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अंबेडकर सर्किल पर सुभाष मंडल अध्यक्ष ऋतुशेखर शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद आजाद नगर स्थित कुंभा सर्किल पर प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह के नेतृत्व तथा उपनगर पुर में गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत किया गया।

अंबेडकर सर्किल पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के पहुंचने के साथ कार्यक्रम ने राजनीतिक रंग भी लिया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। शेखावत ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया के अनुसार यात्रा का उद्देश्य सेवा, जनसंपर्क और युवाओं की भागीदारी के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर सेवा गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

भीलवाड़ा दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शेखावत जयपुर से सड़क मार्ग से भीलवाड़ा आए। कार्यक्रम में भाग लेने और अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद वे सर्किट हाउस पहुंचे। यहां पुलिस दल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सर्किट हाउस में उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद वे तेरापंथ नगर होते हुए सड़क मार्ग से चित्तौड़गढ़ के लिए रवाना हुए।

केंद्रीय मंत्री के स्वागत के दौरान जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक सागर राणा, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाणा, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा तथा नगर निगम महापौर जसवंत कंवर सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, प्रहलाद त्रिपाठी, अंकुर बोरदिया, पीयूष सोनी, किरण सालवी, सावन दिया, यश चतुर्वेदी, शुभम शर्मा, प्रीतम सिंह, ऋतिक, धवल शर्मा, युवराज सिंह, राधेश्याम जाट, अभिषेक उपाध्याय, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वडनगर से वाराणसी तक चल रही यह सेवा यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों से गुजर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद