पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर शुक्रवार को आयोजित होगा सेवा संकल्प समारोह
जयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जयपुर में ‘सेवा संकल्प समारोह’ को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरूवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए दादिया स्थित समारोह स्थल पर आमजन के लिए पेयजल एवं चिकित्सा सेवाओं सहित अन्य सभी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभा स्थल पर वाहनों की पार्किंग, बैरिकेड्स एवं साइनेज की पुख्ता व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के साथ ही टैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए। आमजन को सभा स्थल पर पहुंचने में एवं कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की समस्या नहीं हो।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इससे पहले प्रातः 7ः30 बजे अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाएंगे। दोपहर 12 बजे से दादिया में आयोजित सेवा संकल्प समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही, दोपहर 2ः30 बजे बिड़ला ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बैठक में मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश