मोदी के जन्मदिन पर गुजरात से राजस्थान पहुंची सेवा संकल्प रथ यात्रा

 




डूंगरपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही रथ यात्रा शनिवार को गुजरात से राजस्थान में प्रवेश कर चौरासी विधानसभा क्षेत्र पहुंची। गुजरात-राजस्थान सीमा के मांडली में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने रथ का स्वागत किया। इसके बाद रथ सीमलवाड़ा होते हुए बांसिया स्थित धुनी मगरी धाम पहुंचा।

मांडली में गुजरात भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री श्रेयस पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा बाइक रैली के रूप में रथ के साथ पहुंचे। सीमलवाड़ा में भी कार्यकर्ताओं ने रथ का स्वागत किया। इस दौरान आदिवासी गैर नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।

बांसिया स्थित गोविंद गुरु की जन्मस्थली धुनी मगरी धाम में गिरवर गिरी महाराज, अजमल गिरी महाराज, नारायण गिरी और प्रेम गिरी महाराज के सानिध्य में भजन-कीर्तन और हवन हुआ। हवन में देश की सुख-समृद्धि तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। साधु-संत सम्मान कार्यक्रम में चारों महाराजों को शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी एवं भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु बांगड़ी, चौरासी विधानसभा प्रत्याशी कारीलाल ननोमा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कल्पेश भारती, जिला प्रवक्ता राजेश पाटीदार, जिला मीडिया प्रभारी गुणवंत कलाल, जिला संयोजक जितेंद्र सिंह रत्नावाडा, मंडल अध्यक्ष परेश पाटीदार सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष