जयपुर में शुक्रवार को सेवा संकल्प समारोह, नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि

 


जयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जयपुर में ‘सेवा संकल्प समारोह’ आयोजित होगा। समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक कर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और आमजन की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने दादिया स्थित समारोह स्थल पर पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग, बैरिकेडिंग और संकेतक व्यवस्था पर्याप्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ यातायात सुचारू रखने तथा सभा स्थल और आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा।

कार्यक्रमों की शुरुआत शुक्रवार सुबह 7.30 बजे अल्बर्ट हॉल से होगी। यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में भाग लेंगे और आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे दादिया में सेवा संकल्प समारोह होगा। यहां नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दिन का अगला प्रमुख कार्यक्रम दोपहर 2.30 बजे बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा, जहां भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।

समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित