प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान का आगाज

 


जोधपुर, 17 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज भी आज किया गया।

भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के विकास, गरीब कल्याण, युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है।

प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा, जनजागरूकता और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पालीवाल ने बताया कि अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से आज हुआ। शाम को भाजपा कार्यकर्ता, बूथ समिति के सदस्य, लाभार्थी एवं आमजन ने अपने घरों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना की।

बूथ समिति के सदस्यों ने अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में लाभार्थियों के घर पहुंचकर उनके साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के प्रति जनभागीदारी एवं शुभकामना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। इसी के साथ 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों तथा विकसित भारत की संकल्पना को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से पंचायत से लेकर वार्ड स्तर तक कार्यकर्ता विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा विकसित भारत के संकल्प, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सेवा भावना से संबंधित विषयों पर जानकारी देंगे। ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की परिकल्पना से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।

रक्तदान शिविरों का आयोजन

विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत आज जिले में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एमडीएम हॉस्पिटल, एम्स ब्लड बैंक, उम्मेद अस्पताल, एमजीएच, अम्बिका अस्पताल, जेआईटी ब्लड सेंटर, खाटोड़, तथा राज ब्लड सेंटर में शिविर लगाए गए। मथुरादास माथुर चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बीएस जोधा, अधीक्षक डॉ. विकास राजपूरोहित, उप अधीक्षक डॉ. दीपक टाक, डॉ. संदीप अरोड़ा, डॉ. करनी प्रताप, डॉ. पुष्पा परमार, विपिन पुरोहित, रविंद्र गुप्ता, सहित अन्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश