वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा 12 जुलाई से: जयपुर में 1200 से अधिक केंद्रों पर 4.15 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
जयपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) अजमेर की ओर से आयोजित वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) का आयोजन जयपुर जिले में 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार होगा। परीक्षा 14 विषयों के लिए विभिन्न पारियों में आयोजित की जाएगी। जिले में 1200 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर करीब 4.15 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। परीक्षा संचालन के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा को जिला समन्वयक अधिकारी तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक चंद्र शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सुनील कुमार सिंघल और प्रधानाचार्य सुरेश अग्रवाल को सह-समन्वयक अधिकारी बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने की अपील की है। प्रथम पारी के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तक तथा द्वितीय पारी के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रथम पारी में सुबह 9 बजे और द्वितीय पारी में दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा के सफल संचालन और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष संख्या-116 में जिला स्तरीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 10 और 11 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक, जबकि 12 से 18 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0141-2206699 रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश