30 नवंबर को जाएगी द्वारका-सोमनाथ के लिए 25वीं ट्रेन

 


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। राज्य सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के तहत 25वीं विशेष ट्रेन सोमवार, 30 नवंबर को सवाईमाधोपुर से वाया दुर्गापुरा (जयपुर) होते हुए द्वारका-सोमनाथ के लिए रवाना होगी। इसमें आठ जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 1000 यात्री (स्टाफ व सहयोगी सहित) शामिल होंगे।

सवाई माधोपुर स्टेशन से भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली व डीग के 504 तथा दुर्गापुरा स्टेशन से जयपुर, दौसा, खैरथल-तिजारा व कोटपुतली-बहरोड़ के 466 यात्री सवार होंगे।

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि अब तक 24 ट्रेनों से 23,408 तथा हवाई मार्ग से काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के लिए 1,674 यात्रियों को दर्शन कराए जा चुके हैं। दिसंबर में नेपाल यात्रा पुनः शुरू होगी। ट्रेन के जरिए 21 दिसंबर तक करीब 5 हजार और बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी।

दिसंबर में इन प्रमुख तीर्थों के लिए चलेंगी ट्रेनें

मंत्री कुमावत ने बताया कि 2 दिसंबर को बीकानेर से कामाख्या (वाया जयपुर-भरतपुर) के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी। इसमें बीकानेर से बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू के यात्री, जयपुर से जयपुर, अलवर, खैरथल-तिजारा के यात्री और भरतपुर स्टेशन से भरतपुर, धौलपुर, करौली, डीग, सवाई माधोपुर के यात्री सवार होंगे। 7 दिसंबर को खातीपुरा (जयपुर) से तिरुपति, 13 दिसंबर को भगत की कोठी (जोधपुर) से उज्जैन, 15 दिसंबर को अजमेर से रामेश्वरम और 21 दिसंबर को जयपुर से जगन्नाथपुरी के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश