महाराष्ट्र के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने किया अपना घर आश्रम का अवलोकन

 


बीकानेर, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर अपना घर आश्रम, रानी बाजार में बहनों ने प्रभुजनों के साथ आत्मीयता, स्नेह और अपनत्व के भाव से रक्षा बंधन पर्व मनाया। बहनों ने प्रभुजनों के कुमकुम का तिलक एवं अक्षत लगाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर तारा बोथरा, कान्ता रामपुरिया, मीनाक्षी सांड, सुनीता डागा, राखी तातेड, स्वाति बोथरा, ज्योति सांड, तनीषा डागा एवं धनलक्ष्मी जैन सहित बहनों ने प्रभुजनों को राखी बांधकर उनके जीवन में सुख, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की। रक्षा बंधन के इस भावपूर्ण अवसर पर महाराष्ट्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व गृह मंत्री कृपाशंकर सिंह, चिमूर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कीर्तिकुमार उर्फ बंटी भांगड़िया तथा महाराष्ट्र भाजपा के संगठन पदाधिकारी नितिन भूतड़ा, जो बीकानेर नगर निगम चुनाव प्रभारी के रूप में महाराष्ट्र से बीकानेर आए हैं, ने भी प्रभुजनों के साथ आत्मीय समय बिताया।

बहनों ने कृपाशंकर सिंह, कीर्तिकुमार उर्फ बंटी भांगड़िया एवं नितिन भूतड़ा को भी राखी बांधकर देश सेवा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके यशस्वी कार्यकाल, सफलता एवं मंगलमय भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

महाराष्ट्र भाजपा के संगठन पदाधिकारी भूतड़ा अपना घर आश्रम में प्रभुजनों के लिए की जा रही सेवा, आत्मीय देखभाल एवं आश्रम की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से विशेष रूप से प्रभावित हुए। आश्रम की आवश्यकता की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल आश्रम की जरूरत के मुताबिक एयर कंडीशनर मंगवाकर उसे उपहार स्वरूप आश्रम को भेंट किया।

भूतड़ा के इस सहयोग से आश्रम में प्रभुजनों को बेहतर एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उनका यह सेवा भाव रक्षा बंधन के अवसर पर मानवता के प्रति संवेदना और सेवा की भावना का सुंदर उदाहरण बना।

महाराष्ट्र से आए भाजपा प्रतिनिधियों ने अपना घर आश्रम का अवलोकन किया तथा प्रभुजनों की सेवा, देखभाल, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम के संस्थापक जुगल राठी के साथ आश्रम की विभिन्न सेवा गतिविधियों को देखा।

इस अवसर पर भाजपा प्रतिनिधियों ने स्वयं अपने हाथों से प्रभुजनों को अल्पाहार कराया तथा उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया। उन्होंने अपना घर आश्रम की शानदार व्यवस्थाओं, स्वच्छता, अनुशासन एवं प्रभुजनों की सेवा-देखभाल की विशेष सराहना करते हुए संस्थापक श्री जूगल राठी को इस पुनीत सेवा कार्य के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर जुगल राठी ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, अपनत्व, विश्वास और मानवीय रिश्तों को मजबूत करने का पर्व है।अपना घर आश्रम में यह पर्व रक्त के रिश्तों से आगे बढ़कर मानवता के रिश्तों का उत्सव बन गया। प्रभुजनों की कलाई पर बंधी प्रत्येक राखी में बहनों का स्नेह, सम्मान और यह भाव निहित था कि कोई भी व्यक्ति प्रेम, अपनत्व और सम्मान से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान जीतो यूथ विंग के चेयरमैन दर्शन सांड का जन्मदिन भी प्रभुजनों के साथ केक काटकर मनाया गया। प्रभुजनों के बीच जन्मदिन की खुशियां साझा करना कार्यक्रम का विशेष एवं भावुक क्षण रहा।

कार्यक्रम में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के सचिव संजय जैन सांड, जीतो यूथ विंग के चेयरमैन दर्शन सांड, हीराचंद सेठिया, विजय डागा, सुरेश बोथरा, श्री दिनेश महात्मा, अनंत चोरड़िया, तन्मय तातेड एवं जयेश बोथरा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रभुजनों के साथ अल्पाहार ग्रहण किया और प्रेम, स्नेह, सेवा, संवेदना एवं अपनत्व से ओतप्रोत रक्षा बंधन पर्व को यादगार बनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव