प्रकृति संरक्षण के लिए बहुविषयक शोध पर जोर : अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन

 


बीकानेर, 28 नवंबर (हि.स.)। पर्यावरणीय चुनौतियों, सतत विकास और विकिरण के मानव स्वास्थ्य एवं पारिस्थितिकी पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में 27 एवं 28 नवंबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मूल संदेश प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास की सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करता है।

सम्मेलन का विषय वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में विशेष महत्त्व रखता है। जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण प्रदूषण, प्राकृतिक संसाधनों का अनियंत्रित दोहन तथा विभिन्न प्रकार के विकिरणों से उत्पन्न संभावित स्वास्थ्य एवं पारिस्थितिकीय चुनौतियाँ आज वैज्ञानिक समुदाय के सामने गंभीर प्रश्न हैं। इन समस्याओं का समाधान किसी एक विषय अथवा अनुशासन तक सीमित नहीं हो सकता। इसके लिए विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन, जैवविज्ञान, चिकित्सा विज्ञान और अन्य ज्ञान क्षेत्रों के बीच संवाद तथा संयुक्त अनुसंधान की आवश्यकता है। सम्मेलन इसी बहुविषयक दृष्टि को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण अकादमिक पहल है।

सम्मेलन के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति डॉ. अखिल रंजन गर्ग, समारोह की अध्यक्षता के लिए टांटिया विश्वविद्यालय, श्रीगंगानगर के कुलपति डॉ. एम. एम. सक्सेना तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मलेशिया के डॉ. प्रेम अधीश लेखी आमंत्रित थे। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आर. के. पुरोहित आयोजन के संयोजक एवं संपर्क अधिकारी हैं। सत्र की अध्यक्षता हेमेन्द्र सिंह भंडारी एवीएन आनंद खत्री ने की। इसके साथ ही साथ चल रहे ऑनलाइन सत्र में प्रो सोनू सेवा एवं अभिलाषा अला ने अध्यक्षता की । जिसमें 12 वक्ताओं ने अपने अपने विचार व्यक्त किए। पंचम सत्र में बबीता जैन, लीना शरण के साथ देवेश खंडेलवाल एवं शिशिर शर्मा ने अध्यक्षता की ।जिसमें पाँच वक्ताओं ने अपने विचार रखे है।

छठे सत्र में जीपी सिंह, विजय कुमार, एवं अनिल कुमार छंगाणी ने अध्यक्षता की, इस सत्र में चार वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के अंत में डॉ अर्चना पुरोहित ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन में ही पोस्टर प्रतियोगिता में तीन विजेताओं क्रमशःचंचल शर्मा प्रथम ,श्रद्धा कुशवाह रमेश पारीक के साथ काथमबरी,गुंजन तंवर और अंजलि झांझरिया को बेस्ट पोस्टरकवर्ड से सम्मानित किया गया।

वैज्ञानिक नवाचार के लिए निमिष नारायण ,प्रभु शास्त्री के साथ खुशी पारीक को सम्मानित किया गया।

सम्मेलन का व्यापक संदेश यही है कि प्रकृति के साथ संतुलित संबंध स्थापित किए बिना मानव सभ्यता का टिकाऊ भविष्य संभव नहीं है। वैज्ञानिक अनुसंधान, अकादमिक संवाद और सामाजिक जागरूकता के समन्वय से ही पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान खोजा जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव