सीमा मिश्रा के सुरों की स्वर्णिम यात्रा का होगा सम्मान: 31 इन्फ्लुएंसर भी होंगे सम्मानित

 


जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थानी लोकगीत-संगीत और संस्कृति की पहचान मरू कोकिला सीमा मिश्रा के 50वें जन्मदिवस पर 3 नवंबर को जयपुर में स्वर्णिम सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में अपराह्न 3 बजे से होने वाले इस आयोजन में परिचर्चा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह होगा। इस दौरान 31 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को ‘नवपीढ़ी प्रेरणादूत सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।

सीमा मिश्रा राजस्थान लोकसंगीत-कला अकादमी एवं स्वर माधुरी मल्टीमीडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह सीमा मिश्रा की तीन दशक की संगीत साधना और राजस्थानी लोकगीत-संगीत, भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को समर्पित रहेगा।

समारोह के मुख्य संयोजक शिव विनायक शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सीमा मिश्रा की स्वर-साधना का सम्मान करने के साथ राजस्थानी लोक विरासत को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में लोकगीत-संगीत की परंपरा, मौजूदा चुनौतियों और नई पीढ़ी को लोक संस्कृति से जोड़ने के उपायों पर चर्चा होगी।

समारोह में सांसद मंजू शर्मा, विधायक रवीन्द्र सिंह भाटी, जयपुर महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, विधायक हाकम अली खान और बालमुकुंदाचार्य सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक अश्विन दल्वी, जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के संस्थापक ओपी अग्रवाल और उद्योगपति कमल पोद्दार भी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा पद्मश्री रामकिशोर छीपा, अहमद हुसैन, मोहम्मद हुसैन, गुलाबो सपेरा, तिलक गिताई और मुन्ना मास्टर के साथ आईएएस रवि जैन और शमित शर्मा सहित कला, संस्कृति और प्रशासन जगत की हस्तियां समारोह में शिरकत करेंगी।

शर्मा ने कहा कि आयोजन के माध्यम से लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने और राजस्थानी भाषा, लोकगीत-संगीत एवं संस्कृति की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश