पति की तलाश में टंकी पर चढ़ गई महिला, पुलिस पर ढिलाई का आरोप

 


उदयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। लापता पति की खोज में पुलिस की सुस्ती से आक्रोशित एक महिला ने उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र में पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दे दी। करीब 6 घंटे चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाने का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ।

उदयपुर के गोगुंदा इलाके में शनिवार सुबह कुंडाऊ गांव की कमला बाई (27) अपने लापता पति तुलसीराम गमेती को ढूंढने की मांग को लेकर निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई। सुबह करीब 7:30 बजे टंकी पर चढ़ी महिला ने साफ कहा कि जब तक पति का पता नहीं चलेगा, वह नीचे नहीं उतरेगी और आत्महत्या तक की चेतावनी दे डाली। कमला का आरोप है कि उसका पति तुलसीराम (29) 15 फरवरी से लापता है। परिजनों के अनुसार उसे एक व्यक्ति सीमेंट खाली करवाने के बहाने साथ ले गया था, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। परिवार ने गोगुंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, लेकिन 40 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी, डीएसपी, एसडीएम सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम भी तैनात रही। करीब 5-6 घंटे तक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच समझाइश का दौर चला, जबकि सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। आखिरकार प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे महिला नीचे उतरने को राजी हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता