मानसून आपदा से निपटने को एसडीआरएफ पूरी तरह मुस्तैद
जयपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। मानसून-2026 के दौरान संभावित बाढ़, जलभराव और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) राजस्थान पूरी तरह सतर्क और तैयार है। इसी क्रम में एसडीआरएफ राजस्थान के कमांडेंट राजेंद्र सिंह सिसोदिया तथा ब्यावर के पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने ब्यावर में तैनात एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ई-3 का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेस्क्यू टीम के जवानों से मानसून के दौरान बाढ़, जलभराव, तेज बहाव वाले क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों तथा स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की। साथ ही रेस्क्यू उपकरणों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कमांडेंट राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एसडीआरएफ का मूल मंत्र 'आपदा सेवार्थ कटिबद्धता' प्रत्येक कार्मिक के कार्य और व्यवहार में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा की किसी भी स्थिति में आमजन को त्वरित, प्रभावी और मानवीय सहायता उपलब्ध कराना ही बल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जवानों को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि मानसून सत्र को देखते हुए एसडीआरएफ राजस्थान ने 25 जून 2026 से ही राज्य के 35 आपदा संभावित जिलों में 70 रेस्क्यू टीमें तैनात कर रखी हैं। ये टीमें स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे मुस्तैद हैं।
एसडीआरएफ का नियंत्रण कक्ष 0141-2759903 पर संचालित किया जा रहा है, जबकि बटालियन मुख्यालय गाडोता, तहसील मौजमाबाद, जिला जयपुर में स्थित है। मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन को लेकर विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए सभी संसाधन तैयार रखे गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश