तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, पति-पत्नी की मौत; दो बच्चों समेत चार घायल

 


जालोर, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले के भीनमाल में बुधवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनके दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा रानीवाड़ा रोड पर कोड़ी सगी नदी से पहले पेट्रोल पंप के पास रात में हुआ।

भीनमाल थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि महिला अपने परिवार के साथ भाई को राखी बांधने के लिए रानीवाड़ा क्षेत्र के शिवगढ़ स्थित पीहर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आई स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने दासपा बस स्टैंड के पास रहने वाले वरदाराम (42) पुत्र तेजाराम भील और उनकी पत्नी छगन देवी (40) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके बेटे सुमेराराम (10), बेटी जानू कुमारी (4), ऑटो चालक मसराराम भील और स्कॉर्पियो में सवार रोहित पुत्र रामाराम पुरोहित घायल हुए हैं।

जानू कुमारी और ऑटो चालक मसराराम की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे रेफर किया गया। जानू कुमारी का पालनपुर में इलाज चल रहा है, जबकि सुमेराराम और रोहित का भीनमाल में उपचार जारी है।

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच भी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित