राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर: 12 शहरों में पारा 40 पार, कोटा सबसे गर्म

 




जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में गर्मी ने अब विकराल रूप ले लिया है। सोमवार को राज्य के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक मापा गया। सबसे अधिक गर्मी कोटा में रही, जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं बाड़मेर और जैसलमेर जैसे रेगिस्तानी जिलों को भी कोटा ने पीछे छोड़ दिया।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा और हीटवेव चलने की संभावना है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। फलोदी और बाड़मेर में दिन के साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। फलोदी में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री मापा गया, जबकि बाड़मेर में 27.5 और जैसलमेर में 26 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। गर्म हवाओं के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही।

राजधानी जयपुर में भी हालात चिंताजनक हैं। यहां अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 27 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है। दिन के साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

कोटा में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए अस्पतालों में विशेष तैयारी की गई है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने 200 बेड का प्री-फैब्रिकेटेड वार्ड रिजर्व किया है, जिसमें से 50 बेड हीटवेव मरीजों के लिए शुरू भी कर दिए गए हैं।

जोधपुर में भी तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 40.7 मापा गया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला, लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं। तेज गर्मी का असर पर्यटन पर भी साफ दिख रहा है।

अजमेर और उदयपुर में पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई है। अजमेर में आनासागर की पाल और अन्य पर्यटन स्थल सूने नजर आए, वहीं उदयपुर में लोग दोपहर के समय छांव तलाशते दिखे।

अलवर में तापमान 41.6 रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक हीटवेव चलने की चेतावनी दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सीकर में हल्की हवा के कारण पारे में मामूली गिरावट आई, लेकिन तेज धूप से राहत नहीं मिली।

विशेषज्ञों के अनुसार दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, अधिक पानी पिएं, सिर को ढककर रखें और हीटवेव के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

राजस्थान में फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित