स्कूल संचालक ने मॉल की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर दी जान
जयपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। चित्रकूट नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बनीपार्क निवासी एक निजी स्कूल संचालक ने अजमेर रोड स्थित एलीमेंट मॉल की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मॉल की पार्किंग से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले हैं।
थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अभिनव राज (38) निवासी दुर्गा मार्ग, बनीपार्क के रूप में हुई है। वह बनीपार्क क्षेत्र में निजी स्कूल संचालित करते थे। पुलिस के अनुसार अभिनव राज सोमवार सुबह करीब नौ बजे अपाचे बाइक से घर से निकले थे। करीब साढ़े नौ बजे वह अजमेर रोड स्थित एलीमेंट मॉल पहुंचे। उन्होंने मॉल की पार्किंग में बाइक खड़ी की और लिफ्ट से सातवीं मंजिल पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने वहां से छलांग लगा दी।
अभिनव के नीचे गिरने पर तेज आवाज हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने लहूलुहान हालत में उन्हें देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चित्रकूट नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच करवाई गई और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिनव राज की करीब दो वर्ष पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था। दोनों अलग-अलग रह रहे थे। पुलिस के अनुसार पत्नी से चल रहे विवाद के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मॉल की पार्किंग सहित अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश