पहल : शिक्षण संस्थानों में नशामुक्त क्लब का होगा गठन

 


धौलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। जिला स्तरीय नार्को कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में नशा मुक्ति कार्ययोजना की रूपरेखा पर गंभीरता से मंथन किया गया। बैठक में आमजन को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्रीनिधि बी टी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में महाविद्यालय एवं विद्यालयों के पास बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तम्बाकू आदि नशीले पदार्थो की बिक्री ना हो। अवैध मादक पदार्थो की बिक्री व तस्करी करने वालों पर निगाह रखी जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालय एवं महाविद्यालयों में नशामुक्त क्लब का गठन किया जाना सुनिश्चित करें। विद्यालयों में कार्यदिवस के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले हानिकारक दुष्प्रभावों को रोकने हेतु अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना सुनिश्चित करें। जिससे भावी पीढी को नशे के चंगुल से बचाया जा सके। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के भण्डारण व क्रय-विक्रय की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें। अवैध मादक दृव्यों के क्रय-विक्रय में लिप्त व्यक्तियों की सूचना पुलिस को मौखिक अथवा लिखित रूप में दें, जिससे पुलिस द्वारा कठोर कार्यवाही की जा सके। बैठक में औषधि निरीक्षक एवं शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप