स्कूल बस ने हेडमास्टर को कुचला, मौके पर मौत, बच्चों में मची चीख-पुकार

 




करौली, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सूरौठ क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में हेडमास्टर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक निजी स्कूल बस पहले बिजली के पोल से टकराई, फिर सामने से आ रहे बाइक सवार हेडमास्टर को जोरदार टक्कर मारते हुए पलट गई।

हादसा बयाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, सूरौठ की एक निजी स्कूल बस धंधावली गांव से बच्चों को लेकर सूरौठ की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे से टकराई और फिर सामने से आ रहे बाइक सवार हेडमास्टर भूरी सिंह मीना (58) को चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और हेडमास्टर सड़क पर दूर जा गिरे। उनके सिर, हाथ-पैर और शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक भूरी सिंह मीना राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल धंधावली में हेडमास्टर थे और रोज की तरह ड्यूटी पर जा रहे थे।

हादसे के समय बस में 10 से 12 बच्चे सवार थे। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत दौड़कर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि बच्चों को केवल मामूली चोटें आईं और कोई बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

वहीं, हेडमास्टर के शव को हिंडौन जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक के परिजनों के अनुसार, भूरी सिंह मीना सुबह करीब 6:30 बजे घर से निकले थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। दोनों बेटे रेलवे में कार्यरत हैं, जबकि बेटी ने बीएड किया हुआ है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित