उदयपुर में जर्जर स्कूल भवन की छत का प्लास्टर गिरा, तीन छात्र घायल

 


उदयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उदयपुर जिले के भीण्डर क्षेत्र की वाणियातलाई ग्राम पंचायत के नारदा गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नारदा में मंगलवार को पढ़ाई के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कक्षा-कक्ष में अचानक छत का प्लास्टर गिर जाने से मलबे की चपेट में आकर तीन मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों में जर्जर भवन को लेकर भारी रोष व्याप्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र रोजाना की तरह अपनी कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। कक्षा में 32 बच्चे थे। तभी अचानक तेज आवाज के साथ छत का प्लास्टर नीचे आ गिरा। मलबे से तीन छात्रों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि कुछ अन्य बच्चों को मामूली खरोंचें आई हैं। गनीमत रही कि पूरी छत नहीं ढही, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के तुरंत बाद शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चों को भींडर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

हेडमास्टर लालसिंह शक्तावत ने बताया कि पहली कक्षा की छात्रा कृष्णा कुमारी, कार्तिक और 5वीं के स्टूडेंट गणेशलाल के सिर में चोट लगी है। तीनों को भींडर सरकारी हॉस्पिटल से इलाज के बाद घर भेज दिया। शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के निर्देश के बाद एहतियातन स्कूल भवन पर ताला लगा दिया है। अब स्कूल समीप स्थित माताजी के चबूतरे के पास संचालित होगा।

अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विद्यालय भवन लंबे समय से बदहाल और जर्जर स्थिति में है। इस संबंध में कई बार विभाग और प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नए भवन का निर्माण या वर्तमान भवन की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता