‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए जयपुर से 10 हजार कार्यकर्ता जाएंगे दिल्ली: खाचरियावास
जयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए जयपुर से करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में मंगलवार को बनीपार्क और सिविल लाइंस ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठक हुई। इसमें ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खाचरियावास ने कहा कि सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड से कम से कम 50 कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। कार्यकर्ता बसों, कारों और निजी साधनों से रैली में शामिल होंगे। जयपुर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें कर कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इस लड़ाई में उनके साथ खड़ा है। वोट जनता की ताकत और लोकतंत्र की नींव है, इसलिए इसकी रक्षा के लिए कार्यकर्ता संघर्ष करेंगे।
खाचरियावास ने कहा कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में जुटने वाले कार्यकर्ता केंद्र सरकार के सामने जनता की ताकत रखेंगे। उन्होंने मताधिकार और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश