सत्य साईं बाबा की जन्म शताब्दी पर पांच दिवसीय कार्यक्रम गुरुवार से

 


विशेष आध्यात्मिक एवं सेवामूलक कार्यक्रम होंगे

जोधपुर, 18 नवम्बर (हि.स.)। सत्य, धर्म, शांति, प्रेम एवं अहिंसा के संदेशवाहक सत्य साईं बाबा के 100 अवतरण वर्ष पूर्ण होने (101वें जन्मोत्सव) के उपलक्ष में 23 नवंबर को संपूर्ण विश्व में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ जन्म शताब्दी समारोह मनाया जाएगा। इसी क्रम में श्री सत्य साई सेवा समिति, जोधपुर द्वारा 19 से 23 नवंबर तक पांच दिवसीय विशेष आध्यात्मिक एवं सेवामूलक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

समिति जिलाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) पवन कुमार कसेरा ने बताया कि कार्यक्रमों का शुभारंभ 19 नवंबर को सुबह 11 बजे 101 भजनों के सामूहिक गायन से होगा। इसी दिन महिला दिवस भी मनाया जाएगा, जिसमें महिलाएं सभी कार्यक्रमों का संचालन करते हुए नारी के प्रेम, त्याग एवं समर्पण भाव को अभिव्यक्त करेंगी।

समिति संयोजक महेंद्र पुरी ने बताया कि 20 नवंबर को रालावास स्थित गौशाला में वरिष्ठ सदस्य सुमेर सिंह गौड़ के सान्निध्य में स्टडी सर्किल, विशेष भगवान बाबा के मानवीय मूल्य- सत्य, धर्म, शांति, प्रेम एवं अहिंसा पर आयोजित होगा। इसके पश्चात गौशाला में कार्यरत गोपालों को भोजन करवाकर नारायण सेवा की जाएगी। युवा पुरुष समन्वयक शुभम माथुर ने बताया कि 21 नवंबर को समिति केंद्र में दोपहर 2.30 बजे लक्षार्चना का आयोजन होगी।

इसमें साई राम दिव्य नाम के जाप के साथ एक लाख अक्षत अर्पित किए जाएंगे, जिनका उपयोग आगे नारायण सेवा में किया जाएगा। समिति के वरिष्ठ सदस्य सुमेर सिंह गौड़ ने बताया कि 22 नवंबर को नागौर स्थित विश्वस्तरीय गौ चिकित्सालय में महामंडलेश्वर स्वामी कुशल गिरि महाराज के सानिध्य में श्री सत्य साई विंटर सन प्रोजेक्ट के अंतर्गत 101 गोपालों को ऊनी शॉल वितरित की जाएगी।

इसके पश्चात लाच्छा बासनी गांव में बाल विकास कक्षा, ग्राम सेवा एवं अमृत कलश वितरण कार्यक्रम का आयोजन होगा। महिला आध्यात्मिक समन्वयक लता राजुस्थ ने बताया कि 23 नवंबर को भगवान बाबा के पावन अवतरण दिवस पर सुबह 5.30 बजे सुप्रभातम एवं नगर संकीर्तन से दिन का शुभारंभ होगा।

सायंकाल गीता भवन में विशेष भजन का आयोजन होगा, जिसमें शुभ सवेरा बाल आश्रम के बाल विकास विद्यार्थी भगवान बाबा के श्रीचरणों में भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का समापन मंगल आरती, केक समारोह एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश