सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती विद्यार्थियों को दिया यातायात नियमों की पालना का संदेश

 


जोधपुर, 05 जून (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा एवं जनसुरक्षा के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप यातायात पुलिस द्वारा रेजोनेंस स्टडी सेंटर सरदारपुरा में यातायात शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी. के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात शालिनी राज के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में यातायात शिक्षा टीम ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

सहायक उपनिरीक्षक हनुमानसिंह एवं उनकी टीम ने यातायात शिक्षा मोबाइल वैन के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुत कर यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सडक़ दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली मौतों के आंकड़ों से अवगत कराते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूक किया गया। विशेष रूप से नाबालिग विद्यार्थियों को वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।

इसके अलावा सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता करने वाले ‘गुड सेमेरिटन’ (अच्छे मददगार) के लिए उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना’ की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में रेजोनेंस स्टडी सेंटर के सेंटर हैड डॉ. दिनेश वैष्णव ने विद्यार्थियों की ओर से यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने का संकल्प व्यक्त किया तथा यातायात पुलिस जोधपुर का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश