संजय भाटिया हाेंगे राजस्थान में भाजपा प्रदेश प्रभारी, सतीश पूनिया को पंजाब और जम्मू-कश्मीर का जिम्मा
जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार काे डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल की जगह संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभार दिया गया है। वहीं कविता पाटीदार और कुलजीत चहल को सह-प्रभारी बनाया है।
भाजपा ने 36 राज्यों में प्रभारी और सह-प्रभारी लगाए हैं। सतीश पूनिया को पंजाब के साथ जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ राज्यसभा सांसद अलका गुर्जर को पंजाब में सह-प्रभारी लगाया है। सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना के प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। बंसल इससे पहले उत्तर प्रदेश के प्रभारी के तौर पर लंबे समय तक काम कर चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन ने अपनी टीम में पहला बड़ा फेरबदल कर राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारी बदले हैं। राजस्थान से तीन नेताओं को जिम्मेदारियां दी हैं। इनमें सुनील बंसल और सतीश पूनिया को दो-दो राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी दी है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में प्रदेश प्रभारी को काफी दिनों से बदलने की चर्चा थी। राधामोहन दास अग्रवाल करीब 26 महीने राजस्थान के प्रभारी रहे। उन्हें जुलाई 2024 में राजस्थान में प्रभारी लगाया गया था। लेकिन वे लंबे समय से राजस्थान के कामकाज में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे। इसके पीछे बड़ी वजह प्रदेश संगठन से उनका तालमेल नहीं बैठना बताया जा रहा था। राधामोहन दास ने कई बार सार्वजनिक रूप से भी प्रदेश संगठन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई थी। उसके बाद से ही उन्हें हटाने के कयास लगाए जा रहे थे। कुछ दिन पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में राधामोहन दास को महामंत्री पद नहीं मिला था। ऐसे में भी मानकर चल रहे थे कि राधामोहन दास को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। ऐसे में अब उन्हें प्रभारी नहीं रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव