संदेश नायक ने संभाला जयपुर जिला कलेक्टर का पदभार

 


जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर के नए जिला कलेक्टर के रूप में संदेश नायक ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय वातावरण में पदभार ग्रहण की प्रक्रिया सम्पन्न हुई।

पदभार संभालने के बाद नायक ने कहा कि जयपुर जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी संभालना उनके लिए गर्व के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण भी है। उन्होंने भरोसा जताया कि जिला प्रशासन की टीम के सहयोग से राज्य और केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सुशासन केवल एक अवधारणा नहीं,बल्कि उसे जमीनी स्तर पर लागू करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आमजन को राहत पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसी दिशा में जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत व परिणामोन्मुखी बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक परिवेदना का शीघ्र निस्तारण हो सके।

नायक ने अधिकारियों को आमजन के साथ संवाद बढ़ाने और संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तकनीकी नवाचारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देकर पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यक्षमता में वृद्धि की जाएगी। ई-फाइल प्रणाली सहित आईटी आधारित व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे निर्णय प्रक्रिया में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट्स के जरिए योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी, ताकि उनका लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच सके। नवाचारों को प्रोत्साहन देकर जिले को विकास और सुशासन के नए आयामों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

पदभार ग्रहण के बाद नायक ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की प्रारंभिक समीक्षा की और समन्वय व टीम भावना के साथ काम करने पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि नायक इससे पूर्व सिरोही, भरतपुर और चूरू जिलों में जिला कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश