समदड़ी-मुनाबाव रेलखंड पर अब 110 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ेंगी ट्रेनें
जोधपुर, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में ट्रैक सुधार के महत्वपूर्ण कार्य को गति देते हुए समदड़ी-मुनाबाव रेल सेक्शन के तिलवाड़ा-गोल खंड में लंबे समय से लागू स्थाई गति प्रतिबंध (पीएसआर) हटा दिया गया है। ट्रैक में तकनीकी सुधार के बाद अब इस कर्व से ट्रेनें 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गुजर सकेंगी।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पहले इस कर्व पर ट्रेनों की अधिकतम गति 95 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित थी। ट्रैक सुधार और कर्व के पुनर्संरेखण के बाद इसे बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया गया है। इससे इस सेक्शन में ट्रेनों का संचालन अधिक तेज, सुरक्षित और सुचारू होगा। इस कार्य के लिए रविवार को दोपहर 1.35 बजे से शाम 7.05 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया।
ब्लॉक के समय यहां लगे चार ओएचई मास्ट हटाए गए और उनके फाउंडेशन को जेसीबी ब्रेकर से तोड़ा गया। इसके बाद डुओमैटिक मशीन से ट्रैक की टैम्पिंग कर लाइन का अलाइनमेंट सुधारा गया, जिससे ट्रैक पहले से अधिक मजबूत और संतुलित हो गया। तकनीकी सुधार के तहत कर्व नंबर-17 को 12.51 मीटर तक खिसकाया गया, जिससे इसका घुमाव 3 डिग्री से घटकर 1.96 डिग्री रह गया। कर्व का घुमाव कम होने से ट्रेनों के लिए इस हिस्से से गुजरना अधिक सुरक्षित और आसान हो गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ऐसे ट्रैक सुधार कार्यों से ट्रेनों की गति, सुरक्षा और समयपालन में सुधार होता है। यह कार्य बिजली शाखा (कर्षण) और परिचालन विभाग के समन्वय से ट्रैफिक ब्लॉक लेकर सफलतापूर्वक पूरा किया गया। डीआरएम ने कहा कि जोधपुर मंडल रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित रेल संचालन के लिए लगातार ट्रैक आधुनिकीकरण और तकनीकी सुधार के कार्य कर रहा है। इसके लिए उन्होंने इंजीनियरिंग व बिजली शाखा की टीम के समन्वित कार्य की सराहना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश