स्क्रैप मैटेरियल बेचकर जयपुर मंडल ने कमाए 78 करोड़
जयपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर रेल मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 में स्क्रैप बिक्री के माध्यम से राजस्व सृजन करते हुए 78.40 करोड़ का राजस्व अर्जित कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह जयपुर मंडल द्वारा किसी एक वित्त वर्ष में अब तक की सर्वाधिक बिक्री है।
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जयपुर मंडल को स्क्रैप बिक्री के माध्यम से 65 करोड़ के राजस्व सृजन का लक्ष्य दिया गया था। मंडल ने न केवल इस लक्ष्य को प्राप्त किया,बल्कि इसे 20.62% से अधिक पार करते हुए उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। यह उपलब्धि पिछले वित्त वर्ष में बेचे गए 26.54 करोड़ के स्क्रैप मैटेरियल की तुलना में लगभग 3 गुना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर पूजा मित्तल ने बताया कि जयपुर मंडल द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 22,261 मीट्रिक टन स्क्रैप का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। जिससे रेलवे को 78.40 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।
जयपुर रेल मंडल की यह उपलब्धि न केवल आर्थिक मजबूती का संकेत है,बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ एवं आधुनिक रेलवे प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। स्क्रैप मैटेरियल का समयबद्ध निष्पादन केवल राजस्व बढ़ाने का माध्यम ही नहीं,बल्कि रेलवे सुरक्षा सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण पहलू भी है।
डीआरएम का वक्तव्य
मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन ने इस उपलब्धि पर मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता ‘मिशन जीरो’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश