गुरु पूर्णिमा पर संतों-महंतों का होगा सम्मान
बीकानेर, 28 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देवस्थान विभाग द्वारा प्रदेश के समस्त जिलों में 516 संतों-महंतों सहित जिले के 13 प्रमुख संतों एवं महंतों का सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले ‘गुरु वंदन संदेश’ कार्यक्रम के तहत संतों-महंतों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित ‘गुरु वंदन संदेश’, श्रीफल, शॉल, दुपट्टा, मिठाई तथा ₹2,100 की सम्मान राशि भेंट कर श्रद्धापूर्वक सम्मानित किया जाएगा।
बीकानेर में देवस्थान विभाग की निरीक्षक सोनिया रंगा ने बताया कि विभागीय अधिकारी विभिन्न आश्रमों, मठों एवं मंदिरों में पहुंचकर संतों-महंतों का अभिनंदन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री का संदेश भी उन्हें भेंट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीकानेर जिले में महंत रामदयालजी महाराज, राजगुरु आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानन्द जी भारती महाराज (श्री पंच मंदिर धूणी नाथजी), महंत संवित विमर्शानन्द गिरी (मंदिर श्री लालेश्वर महादेव शिववाड़ी), रामेश्वरानन्दजी दाताश्री महाराज (देवीकुण्ड सागर), अशोकानन्दजी महाराज (जागिरीधाम, कोलायत), चंद्रशेखर भजनदास जी महाराज (भेलू), फक्कड़नाथजी (सालमनाथजी का धोरा, नोखा), बीरबलनाथजी (जसनाथजी महाराज, कतरियासर), विश्वनाथजी (शिवमढ़ी, छत्तरगढ़), मोनी बाबा (बड़ा गुसाईंसर), सोमनाथजी (जसनाथजी, लिखमादेसर), पीठाधीश्वर रामानंदजी महाराज (गुरु जम्भेश्वर धाम, मुकाम) तथा क्षमारामजी महाराज (रामद्वारा, सिंहथल) का सम्मान किया जाएगा।
सोनिया रंगा ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम पूर्ण श्रद्धा, गरिमा एवं परंपरागत सम्मान के साथ आयोजित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव