संतों व साध्वियों ने किया चातुर्मास स्थान परिवर्तन
जोधपुर, 24 नवम्बर (हि.स.)। शहर में पिछले करीब चार माह से चल रहे चातुर्मास का समापन हो गया है। अब जैन संतों के विहार शुरू हो गए है। शहर में आज कई संतों व साध्वियों ने चातुर्मास स्थान परिवर्तन किया। उन्हें जैन समाज के लोगों ने समारोहपूर्वक विदाई दी।
जैन संतों का जुलाई माह में शुरू हुआ चौमासा कार्तिक पूर्णिमा को संपन्न हो गया है। देव वन्दन के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर चातुर्मासिक स्थलों से विहार कर स्थान परिवर्तन किया। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक तपागच्छ संघ के तत्वावधान में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रत्नप्रभ धर्म क्रिया भवन में सिद्धाचल तीर्थ की भाव यात्रा का आयोजन किया गया। सुबह जैनाचार्य तपोरत्नसूरि के शिष्य औचित्यरत्नविजय, जगतपूज्यविजय सहित साधु-साध्वी वृंद एवं श्रावक-श्राविकाओं ने भाव यात्रा में भाग लिया।
तपागच्छ संघ के प्रवक्ता धनराज विनायकिया ने बताया कि चार माह के चातुर्मास के दौरान परमात्मा की वाणी का श्रवण तथा तप-जप की आराधना कराने वाले साधु-साध्वी वृंद ने भाव यात्रा के पश्चात चातुर्मास का स्थान परिवर्तन किया। स्थान परिवर्तन के लाभार्थी श्राविका विमलादेवी, मूलचंद, तरुण एवं काव्य बाफना परिवार के गोलियों की पोल स्थित निवास पर गुरुभगवंतों ने विधिवत पदार्पण किया।
इस अवसर पर प्रवचन भी आयोजित हुआ। इस अवसर पर संघ अध्यक्ष हनुमानचंद तातेड़, उपाध्यक्ष भैरूमल मेहता, सचिव उम्मेदराज रांका एवं संयोजक रिकबराज बोहरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने ट्रस्ट मंडल की ओर से साधु-साध्वी वृंद एवं उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं से क्षमायाचना करते हुए आभार व्यक्त किया।
वहीं साध्वी रत्नरेखा श्रीजी महाराज आदि ठाणा के पावन सानिध्य में चातुर्मास परिवर्तन के प्रथम पड़ाव का कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रात: साध्वी भगवंत ने राजेन्द्र भवन से मंगल प्रस्थान किया। मार्ग में श्री अवंति पाश्र्वनाथ मंदिर में प्रभु एवं गुरुदेव के दर्शन-वंदन कर पुन: राजेन्द्र भवन पधारे। इसके पश्चात शत्रुंजय भाव यात्रा का मंगलमय आयोजन हुआ, जिसमें संघ के सदस्यों ने भक्तिभावपूर्वक सहभागिता निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश