तकनीकी कार्य के कारण साबरमती और शालीमार एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित

 


जोधपुर, 25 जून (हि.स.)। जम्मू मंडल के मुकेरियां-तलवाड़ा रेलखंड पर तकनीकी कार्य के चलते जम्मूतवी-साबरमती-जम्मूतवी एवं शालीमार एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन आगामी दिनों में प्रभावित रहेगा। इसके तहत जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा,जबकि शालीमार एक्सप्रेस का मुकेरियां स्टेशन पर अस्थाई रूप से ठहराव निरस्त रहेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार तकनीकी कार्य के कारण जम्मूतवी-साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस छह दिनों तक जालंधर सिटी -ब्यास-तरनतारन-अमृतसर-गुरदासपुर मार्ग से संचालित होगी। वहीं शालीमार एक्सप्रेस मुकेरियां स्टेशन पर पांच दिनों तक नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 19224,जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस एक जुलाई तक जम्मूतवी से प्रस्थान के दौरान गुरदासपुर-अमृतसर-तरनतारन-ब्यास-जालंधर सिटी के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण

यह ट्रेन पठानकोट कैंट,मीरथल, मुकेरियां,दसुआ,टांडा उड़मुड़ एवं भोगपुर सिरवाल स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी। इसी प्रकार वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 19223,साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस 30 जून तक साबरमती से प्रस्थान के दौरान ब्यास-तरनतारन-अमृतसर-गुरदासपुर मार्ग से संचालित होगी। इस अवधि में यह रेलसेवा भोगपुर सिरवाल, टांडा उड़मुड़, दसुआ, मुकेरियां, मीरथल एवं पठानकोट कैंट स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश