ग्रामीण सेवा शिविरों में योजनाओं का मिला लाभ
डूंगरपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले की गलियाकोट पंचायत समिति की ग्राम पंचायत अंबाड़ा और लिंबड़िया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत ग्रामीणों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। शिविरों में राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के साथ दिव्यांग एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को सहायता सामग्री भी वितरित की गई।
विधायक शंकरलाल डेचा के मुख्य आतिथ्य एवं मंडल अध्यक्ष गिरीश पाटीदार के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित शिविरों में जन्म से शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित गोविंदजी मोगजी पाटीदार को सेंसर युक्त स्मार्ट छड़ी प्रदान की गई, जिससे उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने में सहायता मिलेगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित एक मरीज को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पौष्टिक आहार किट का वितरण किया गया।
शिविर के दौरान राजस्व विभाग ने नाम शुद्धिकरण, नामांतरण तथा आपसी बंटवारे से जुड़े कई लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की। इस अवसर पर सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में राज्य सरकार के पिछले ढाई वर्षों के दौरान कराए गए विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष