जयपुर ग्रामीण पुलिस ने नष्ट किए 19.43 लाख रुपये के मादक पदार्थ
जयपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। नशे के खिलाफ अभियान के तहत जयपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त किए गए 19 लाख 43 हजार 35 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया। ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) की मौजूदगी में रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में जब्त सामग्री को आग लगाकर नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रजनीश पूनियां, पुलिस निरीक्षक (अपराध) महेंद्र सिंह सहित अपराध शाखा एवं संबंधित थानों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद के अनुसार, 16 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। ये मामले शाहपुरा, चंदवाजी, फागी, रेनवाल, कालाडेरा, जमवारामगढ़ और सामोद थाना क्षेत्रों से संबंधित थे।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 36 किलो 74 ग्राम गांजा, 44 किलो 870 ग्राम डोडा पोस्त छिलका, 7 ग्राम एमडीएमए तथा 203 नशीली गोलियां शामिल थीं। इनकी कुल अनुमानित बाजार कीमत 19.43 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण कर पुलिस ने यह संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश